
एससी/एसटी मामलों में तेजी से सुनवाई और सजा दिलाने पर स्पेशल पीपी संजीव कुंवर को एसएसपी ने किया सम्मानित।
दरभंगा: अनुसूचित जाति/जनजाति (एससी/एसटी) मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान देने पर विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पीपी) संजीव कुमार कुंवर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलरेड्डी ने उन्हें प्रदान किया।

एससी/एसटी के एकमात्र विशेष न्यायाधीश की अदालत में श्री कुंवर ने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और दक्षता के साथ कार्य करते हुए जनवरी 2025 से 30 जून 2025 के बीच मात्र छह माह की अवधि में कुल 127 मामलों का न्यायिक निष्पादन कराया। इनमें से पांच मामलों में कुल 12 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा दिलाई गई है, जिनमें तीन दोषियों को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई।

इसके अलावा, लंबित मामलों में अभियोजन पक्ष की ओर से करीब 590 गवाहों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इन गवाहों का परीक्षण और प्रतिपरीक्षण कर अभियोजन पक्ष ने सशक्त पक्ष प्रस्तुत किया, जिससे कई मामलों में अभियुक्तों के विरुद्ध ठोस साक्ष्य सिद्ध हो सके।

एसएसपी ने प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री कुंवर द्वारा निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी अभियोजन से न्याय प्रक्रिया को गति मिली है और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने स्पेशल पीपी को उनके समर्पण, कर्मठता और प्रतिबद्धता के लिए शुभकामनाएं दीं।


