
कमला बलान का जलस्तर बढ़ा, नाव ही सहारा।
दरभंगा: गौड़ाबौराम अंचल के गोरा मानसिंह पंचायत अंतर्गत चतरा और रही टोल गांवों के बीच कमला बलान नदी के जलस्तर में वृद्धि से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों के लिए गांव से बाहर निकलने का एकमात्र सहारा नाव ही बचा है।

रही टोल निवासी विनोद कुमार, रंजित कुमार, मालती देवी और अशर्फी मुखिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सरकारी नाव के सहारे ही वे लोग गांव से बाहर जाते हैं। वहीं, चतरा गांव के नागेंद्र यादव और सत्तो मुखिया का कहना है कि पिछले एक महीने में कई बार नदी का जलस्तर घटा-बढ़ा है, जिससे बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थिति से सबसे ज्यादा परेशानी पशुओं के चारा को लेकर होती है। उन्हें दूर-दराज से नाव के सहारे चारा लाना पड़ता है। पानी बढ़ने पर ऊंचे स्थल पर शरण लेने की नौबत आ सकती है।

लोगों का कहना है कि अभी पानी कमला बलान नदी तक ही सीमित है, लेकिन यदि जलस्तर और बढ़ता है तो निचले इलाकों में पानी फैलने से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।


