Home Featured कर्नाटक पुलिस की सादे लिबास में रेकी, पकड़ा गया मैसूर लूटकांड का आरोपी ऋषिकेश उर्फ छोटू सिंह।

कर्नाटक पुलिस की सादे लिबास में रेकी, पकड़ा गया मैसूर लूटकांड का आरोपी ऋषिकेश उर्फ छोटू सिंह।

दरभंगा: कर्नाटक के मैसूर जिले के हुनासुर में 28 दिसंबर 2025 को 10 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट के एक आरोपी को हायाघाट थाना क्षेत्र के खराड़ी गांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ऋषिकेश कुमार उर्फ छोटू सिंह को कर्नाटक पुलिस की स्पेशल टीम ने दोस्तों संग ताश खेलते हुए धर दबोचा।

गिरफ्तारी के दो दिन बाद छोटू की पत्नी दीपमाला देवी ने उन्हें निर्दोष बताते हुए पुलिस पर घर से गहने और मोबाइल जब्त करने का आरोप लगाया है।पुलिस ने एक सप्ताह से गांव में सिविल ड्रेस में रेकी की। पुलिसकर्मी कभी बैंक जाते दिखे, कभी खेतों-बगीचों में घूमे, तो कभी मछली बेचने और ताश खेलने के बहाने सक्रिय रहे। 16 जनवरी शाम को 12 पुलिसकर्मियों ने छोटू को घेर लिया। भागने की कोशिश में 100 मीटर दौड़ा, लेकिन पिस्तौल तानकर सरेंडर करने को मजबूर कर दिया गया।

Advertisement

हुनासुर के स्काई गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में दो बाइकों पर सवार लुटेरे दोपहर 2:04 बजे घुसे। महज 5 मिनट में 8 किलो 34 ग्राम सोना व हीरे के गहने लूट फरार हो गए। शोरूम मालिक ने हुनासुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। मैसूर एसपी के नेतृत्व में बनी पांच स्पेशल टीमों ने सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों की तसवीरें बरामद कीं।

Advertisement

जांच में भागलपुर के नवगछिया निवासी पंकज सिंह का नाम उभरा, जिसे पहले गिरफ्तार किया गया। पंकज की निशानदेही पर छोटू पकड़ा गया।छोटू की पत्नी दीपमाला ने 8 साल पुरानी दिल्ली कोर्ट मैरिज का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पति की मौत के बाद छोटू दिल्ली में ऑटो चलाते थे। लोन पर लिया ऑटो चलाकर कमाई गांव भेजते थे। उनके पास कोई हथियार या आपराधिक रिकॉर्ड नहीं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। फिर भी मंगलसूत्र, झुमका और तीन मोबाइल जब्त कर लिए।

दीपमाला ने अपील की, ‘निर्दोष पति को रिहा करें, गहने लौटाएं।’ ग्रामीणों के अनुसार, छोटू पूर्व में आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।हायाघाट थानाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने बताया कि 15 सदस्यीय बाहरी टीम ने ‘फिल्मी अंदाज’ में कार्रवाई की। स्थानीय पुलिस ने सहयोग दिया। कोई बरामदगी की जानकारी नहीं। आरोपी को भागलपुर ले जाया गया, जल्द कर्नाटक भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से सोने की बरामदगी और बड़े खुलासों के लिए पूछताछ जारी है। जांच वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित है।

Share