
कायस्थ क्लब का स्थापना दिवस समारोह संपन्न।
दरभंगा: कायस्थ क्लब, दरभंगा का स्थापना दिवस समारोह सीतायन में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री चित्रगुप्त की सामूहिक आरती से हुई, जिसमें मंचासीन अतिथि अधिवक्ता महेश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार अमरेश्वरी चरण सिन्हा तथा कायस्थ परिवार के अनेक सदस्य शामिल हुए।

श्रद्धा सुरभि के स्वागत गीत से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए क्लब के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्लब हर वर्ष होली मिलन, विवेकानंद जयंती और स्थापना दिवस के अलावा इस वर्ष से रक्त जांच शिविर का भी आयोजन कर रहा है। अंशराज के सुमधुर गायन से कार्यक्रम का माहौल गमगमा उठा।

मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता और आपसी एकजुटता को बढ़ाते हैं। अधिवक्ता महेश कुमार ने श्रद्धालुओं से भगवान चित्रगुप्त की रोज पूजा करने का आग्रह किया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक ने कहा कि कायस्थ केवल एक जाति नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान है। नवीन सिन्हा ने संख्या बल के बजाय गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात कही, जबकि शिक्षिका संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि संख्या बल ही हमारी ताकत है।

समारोह में दरभंगा चित्रगुप्त सभा, शुभंकरपुर चित्रगुप्त पूजा समिति, शिवाजी नगर, चित्रगुप्त नगर, कादिराबाद, लक्ष्मीसागर और कटरहिया सहित दर्जनभर संस्थाओं के अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। साथ ही वरिष्ठ साहित्यप्रेमी अरुण कुमार वर्मा को विशेष रूप से सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार और बसंत श्रीवास्तव समेत कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। संचालन नवीन कुमार व संतोष कुमार दिवाकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयोजक अशोक कुमार श्रीवास्तव ने दिया।


