
कार्यकर्ता सम्मेलन से पहले गरमाई राजनीति, पोस्टर फाड़े जाने पर तनातनी।
दरभंगा: एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ता सम्मेलन से पूर्व हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के निमैठी कॉलेज परिसर में गुरुवार देर रात विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा नेता आरके चौधरी द्वारा प्रायोजित बैनर को देर रात करीब 11:30 बजे फाड़ दिए जाने की घटना सामने आई है। इसको लेकर चौधरी ने स्थानीय विधायक रामचंद्र प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

चौधरी ने कहा कि यह घटना महज उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं है, बल्कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए शीर्ष नेतृत्व का भी अपमान है, क्योंकि पोस्टर पर सभी प्रमुख नेताओं के चित्र भी लगे हुए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा कि यह कायराना और ओछी हरकत है, जिसकी सजा भगवान अवश्य देंगे।

भाजपा नेता ने बताया कि उन्हें इस तरह की आशंका पहले से ही थी और इस बाबत उन्होंने बहेरी थाना प्रभारी को सूचना दी थी। चौधरी के अनुसार, उन्हें धमकी भी दी गई थी और कॉलेज परिसर में सुरक्षा हेतु चौकीदार की प्रतिनियुक्ति किए जाने के बाद भी घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया।

श्री चौधरी ने एनडीए कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी प्रकार की उग्र प्रतिक्रिया से बचें।

इधर, इस पूरे प्रकरण को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, विधायक रामचंद्र प्रसाद की ओर से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।


