
कार-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर।
दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच-27 पर मब्बी थाना क्षेत्र के शोभन कट के पास शनिवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार पलटने से उसमें सवार युवक और युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सूचना मिलते ही मब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डीएमसीएच भेजा। बाद में परिजन दोनों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।

मृतक की पहचान मब्बी थाना क्षेत्र के बांध बस्ती निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र राजा यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं जख्मी युवक-युवती की पहचान पतोर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी रोहित रंजन (30 वर्ष), पुत्र राय परमेश्वर कुमार और दीपमाला कुमारी (29 वर्ष) के रूप में की गई है।

राजा यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि वे अपनी बहन को छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। मब्बी थाना प्रभारी सुशील कुमार ने घटना की पुष्टि की है।


