
कुशेश्वरस्थान में दो किशोर रहस्यमय ढंग से लापता, गांव में दहशत का माहौल।
दरभंगा: कुशेश्वरस्थान क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से दो किशोरों के रहस्यमय तरीके से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बीते तीन दिनों से दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजन परेशान हैं और गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

पहला मामला फकदोलिया गांव से सामने आया है, जहां 13 वर्षीय अंकित कुमार सोमवार सुबह घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से वह लापता है। अंकित, संजय रजक का पुत्र है। परिजनों ने काफी तलाश के बाद स्थानीय थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

वहीं दूसरा मामला रामपुर राउत नगर पंचायत का है, जहां 15 वर्षीय शिव दर्शन कुमार बीते 11 जुलाई से लापता है। वह सत्तो चौपाल का पुत्र है। परिवारवालों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

दोनों मामलों में संबंधित थाना क्षेत्रों में एफआईआर दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अंकित चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और बच्चों की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। टीम गठित कर जगह-जगह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही स्थानीय सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

किशोरों की गुमशुदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।

