Home Featured केवटी थाना फिर विवादों में : रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, थानाध्यक्ष और चौकीदार निलंबित।

केवटी थाना फिर विवादों में : रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, थानाध्यक्ष और चौकीदार निलंबित।

दरभंगा:  रिश्वतखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले में केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और चौकीदार राहुल राजा (चौकीदार संख्या 6/8) को वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया है।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो करीब पांच महीने पुराना है। इसमें चौकीदार राहुल राजा थाना परिसर में एक शिक्षक से 10 हजार रुपए लेते हुए दिखाई दे रहे है। धनोरा वास्तु विहार के पास आपत्तिजनक स्थिति में एक शिक्षक-शिक्षिका पकड़े गए थे। दोनों को थाना लाया गया, लेकिन चूंकि शिक्षिका की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं की गई, इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया।

Advertisement

इस दौरान आरोप है कि थानाध्यक्ष ने शिक्षक से मोटी रकम लेकर मामला रफा-दफा कर दिया। चौकीदार राहुल राजा ने भी अलग से 15 हजार रुपए की मांग की। वायरल वीडियो में शिक्षक बार-बार हाथ जोड़कर विनती करता दिख रहा है कि अब वह और पैसे नहीं दे सकता।वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने जांच का जिम्मा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) शुभेन्द्र कुमार सुमन को सौंपा। उनकी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र है कि मामला ग्राम छतवन निवासी मो. एनायतुल्ला उर्फ गुड्डू से जुड़ा था। उस पर 80 हजार रुपए बैट्री का बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप था।

Advertisement

आवेदक आकाश कुमार गुप्ता और उनके रिश्तेदार चंदन कुमार गुप्ता इस संबंध में थाना पहुंचे थे। थानाध्यक्ष की जगह उन्हें चौकीदार के पास भेज दिया गया, जिसने पूरा लेन-देन संभाला। समझौते के तहत तत्काल 10 हजार रुपए दिए गए, जिसे चौकीदार ने अपने पास रख लिया।

Advertisement

एसडीपीओ की रिपोर्ट में कहा गया कि चौकीदार की भूमिका पूरी तरह कर्तव्य विहीन और संदिग्ध रही। क्योंकि किसी भी आपराधिक मामले की जांच उसका अधिकार क्षेत्र नहीं है। थानाध्यक्ष की भूमिका भी उतनी ही सवालों के घेरे में है। क्योंकि उन्हें आवेदन लेकर वरीय अधिकारी से कार्रवाई करनी चाहिए थी, न कि आवेदकों को चौकीदार के पास भेजना था।

जांच रिपोर्ट पर सहमति जताते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने थानाध्यक्ष राहुल कुमार को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला रेंज को भेज दी है। चौकीदार राहुल राजा को भी निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच की अनुशंसा जिला पदाधिकारी, दरभंगा को की गई है।

पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी पुलिसकर्मी या सहयोगी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था और पुलिस की छवि धूमिल करने वालों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह पहला मौका नहीं है जब केवटी थाना सुर्खियों में आया हो।

24 अगस्त 2024 को तत्कालीन थानाध्यक्ष रंजीत शर्मा को फर्जी हस्ताक्षर करने के मामले में निलंबित किया गया था। उसी मामले में प्रशिक्षु एसआई विकास मंडल और चौकीदार सुभाष यादव भी निलंबित हुए थे।

22 अगस्त 2024 को थाना क्षेत्र के हरिजन कॉलोनी परिसर में शराब पार्टी व बार-बालाओं के संग चौकीदारों का वीडियो वायरल हुआ था।जांच के बाद चौकीदार ओमप्रकाश और सोनू पासवान निलंबित हुए थे।

24 जून 2024 को केवटी थाना के चौकीदार संजय पासवान का शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ था। जांच में सत्य पाए जाने पर उसे भी निलंबित कर जेल भेजा गया था।

Share