
खबर का असर: आंदोलन की हुई जीत, चौथे दिन खत्म हुआ अनशन।
देखिए वीडियो भी
दरभंगा: गलत तरीके से जमीन अधिग्रहण का आरोप लगाकर पंचायत सरकार भवन के निर्माण का विरोध कर रहे उघरा के ग्रामीणों का अनशन आंदोलन के चौथे दिन रविवार को अंततः समाप्त हो गया। लगातार तीन दिनों से चल रहे अनशन के बाबजूद किसी प्रशासनिक पदाधिकारी ने जब आंदोलन पर संज्ञान नहीं लिया तो वॉयस ऑफ दरभंगा ने इस खबर को प्रमुखता से प्रसारित किया। खबर चलने के साथ ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मची। ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री के आगामी दौरे के दौरान ग्रामीणों द्वारा आत्मदाह की चेतावनी को जिला प्रशासन द्वारा गंभीरता से लिया गया और अनशन समाप्त करवाने केलिए पहल की गयी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर बहादुरपुर के अंचलाधिकारी निश्छल प्रेम के साथ बीपीआरओ एवं पतोर थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार ने अनशन स्थल पर पहुंचकर वार्ता की और तत्काल निर्माण कार्य रोकने एवं जमीन संबंधी ग्रामीणों के दावों के जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद अंचलाधिकारी द्वारा अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया।

इस दौरान पंचायत के पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि नारायणजी झा, पंचायत समिति सदस्य गंगाप्रसाद साहू, शिवशंकर झा, दीपक मिश्र, शम्भू मिश्र, राजू झा एवं अमर झा आदि भी मौजूद थे।


