
गोलीकांड के फरार आरोपियों के घरों पर इश्तेहार, पुलिस करेगी कुर्की की कार्रवाई।
दरभंगा: केवटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोलीकांड मामले के पांच फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने भेड़याही गांव में फरार आरोपियों के घरों पर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चिपकाया। निर्धारित समय सीमा में आत्मसमर्पण नहीं करने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई श्रवण यादव, मनीष यादव, सुनील यादव, बिल्ला और राहुल यादव के खिलाफ की गई है। ये सभी 9 जुलाई को हुए दिनदहाड़े फायरिंग कांड के बाद से फरार हैं।

एसडीपीओ कमतौल एसके. सुमन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से इश्तेहार जारी किया गया था। नियमानुसार पांचों के घरों पर नोटिस चिपकाने के साथ डुगडुगी बजाकर सार्वजनिक रूप से सूचना दी गई है। समय पर सरेंडर नहीं करने पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू होगी।

पीड़ित नजरे आलम ने बताया कि 4 जुलाई को दरभंगा बस स्टैंड का टेंडर अमर साहू को मिला था, जिसमें उनका भाई शमशे आलम उर्फ पप्पू समेत पांच लोग पार्टनर थे। टेंडर मिलने के तीन दिन बाद ही अपराधियों ने बस स्टैंड गेट पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई।

नजरे आलम के अनुसार, 9 जुलाई की दोपहर करीब 3:30 बजे सात बाइक पर सवार 16 नकाबपोश अपराधी उनके गांव पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग की। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन पूरा परिवार खौफ में है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान हो चुकी है। पीड़ित पक्ष ने जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है, ताकि परिवार सुरक्षित रह सके।

