
घर में मिली विवाहिता की लाश, ससुरालवालों पर हत्या का आरोप।
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा वार्ड-1 स्थित गुदरी बाजार में बुधवार शाम एक विवाहिता का शव घर में मिला। लाश बेड पर पड़ी थी। मृतका की पहचान 22 वर्षीय ललिता देवी के रूप में हुई है। पति रविशंकर कुमार साह है। दोनों की शादी 22 मार्च 2023 को हुई थी। ललिता के 2 छोटे बच्चे हैं। एक बच्ची डेढ़ साल की और दूसरी तीन महीने की है।

ललिता के मायके वाले मौके पर पहुंचे। ललिता का मायका सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के पतलुका गांव में है। मां रंजू देवी, पिता श्याम साह, चाचा संजीत कुमार, बहन और अन्य परिजन पहुंचे। ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं।

मृतका के चाचा संजीत कुमार ने बताया कि दामाद रविशंकर ने फोन कर धमकी दी थी कि गला दबाकर मार देंगे। वह रोज शराब पीकर ललिता के साथ मारपीट करता था। दहेज के लिए लगातार दबाव बनाता था। कभी गाड़ी, कभी पैसे की मांग करता था। 1 लाख रुपए की मांग भी की थी। कुछ दिन पहले एक पंडित से हाथ दिखवाया गया था। पंडित ने कहा था कि पहले सात बेटियां होंगी, फिर बेटा होगा। इसी बात को लेकर भी विवाद करता था।

पिता श्याम साह ने कहा कि 15 दिन पहले दामाद ने एक लाख रुपए की मांग की थी। कहा था कि पैसे नहीं दिए तो बेटी को मार देंगे। सास, ससुर और ननद मिलकर बेटी को प्रताड़ित करते थे। बेटी ने खुद बताया था कि उसे गला दबाकर मारने की धमकी दी गई है।

मां रंजू देवी ने बताया कि दामाद रोज शराब पीता था। बेटी को गाली देता था। मारता था। बेटी ने कहा था कि पैसे लेकर क्या करेंगे, जब रोज मारपीट होती है। ससुराल वाले उसे बहुत तंग करते थे।
स्थानीय निवासी राधेश्याम साह ने बताया कि वह भरवाड़ा बाजार से गुजर रहे थे, तभी सूचना मिली कि एक महिला की मौत हो गई है। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि महिला बिस्तर पर पड़ी थी।
मृतका के दो छोटे बच्चों के सिर से मां की छाया उठ चुका है। घर में मातम पसरा है। परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद पति और ससुराल वाले फरार हैं।
सूचना पर सिंहवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

