
चेन स्नैचर गिरोह का सदस्य और आभूषण कारोबारी चढ़ा पुलिस के हत्थे।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना की पुलिस ने चेन छिनतई करने वाले गिरोह के एक सदस्य सहित ज्वेलर्स के प्रोपराइटर को गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से छिनतई की घटनाएं हो रही थी।

शनिवार की सुबह भी घटना को अंजाम देने के लिए पोलो मैदान पहुंचा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ किया, तो सभी घटनाओं को स्वीकार कर लिया। सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि 11 अप्रैल 2025 को वीआईपी सड़क पर खड़ी बंगाली टोला निवासी मनोज कुमार की पत्नी निजी स्कूल की शिक्षिका मधु वर्मा आॅटो का इंतजार कर रही थी।

इस दौरान बाइक सवार उच्चका आया और गले में पहनी सोने का चेन छीन कर फरार हो गया। घटना की जानकारी तुरंत लहेरियासराय थानाध्यक्ष दीपक कुमार को दी गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर स्थानीय एक दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला।

जिसमें वह उचक्के का फोटो साफ दिखाई दे रहा था। अन्य घटनाओं का भी मिलान किया, तो उसका ही फोटो मिला। सदर एसडीपीओ ने बताया कि कई पुलिसकर्मी उसकी गिरफ्तारी के लिए लगे हुए थे। शनिवार की सुबह उसे पोलो मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए उच्चके की पहचान कमतौल थाना क्षेत्र के टेकटार गांव के रहने वाले अमीन अंसारी के पुत्र जलालुद्दीन के रूप में हुई है।

उसके निशान देही पर सिमरी बाजार के रूप श्री ज्वेलर्स के प्रोपराइटर बिंदेश्वर ठाकुर के पुत्र सुजीत ठाकुर जो सिमरी थाना क्षेत्र के मनीहास गांव निवासी के दुकान से चार टूटा हुआ सोने का चेन बरामद किया गया है। पुलिस ने रूप श्री ज्वेलर्स के प्रोपराइटर सुजीत ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है। प्रोपराइटर ने भी सोने का चेन बेचने वाले उचक्के की भी पहचान की है। जलालुद्दीन अंसारी पूर्व में भी जेल जा चुका है। उसके पास से 17 पीस व्हाइटनर, 20 ग्राम गांजा, 9500 रुपया नकद, चाकू सहित चोरी का ग्लैमर बाइक की बरामद किया गया है। इस पर लहेरियासराय थाना नगर थाना सहित अन्य स्थानों में कई मामले दर्ज हैं। सदर एसडीपीओ ने बताया कि अन्य थाना से भी घटना से संबंधित जानकारी ली जा रही है। प्रेस वार्ता के दौरान थाना अध्यक्ष दीपक कुमार, दरोगा प्रशांत कुमार, राजेश कुमार रंजन, रजनीश कुमार, रंजन कुमार, सिपाही राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।

