Home Featured छोटाईपट्टी पंचायत में बढ़ती डकैतियों पर ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी।

छोटाईपट्टी पंचायत में बढ़ती डकैतियों पर ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी।

दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के छोटाईपट्टी पंचायत में लगातार हो रही डकैती की घटनाओं और पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर रविवार को पंचायत भवन में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत उपमुखिया बेचन सिंह ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

Advertisement

बैठक में ग्रामीणों ने पंचायत में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि डकैती की एक के बाद एक घटनाओं के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से मिलेगा और उन्हें पंचायत की स्थिति से अवगत कराएगा। अगर इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे।

Advertisement

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पंचायत में बढ़ते नशाखोरी के चलन को रोकने के लिए 20 जुलाई को दोपहर 3 बजे प्लस टू उत्क्रमित विद्यालय, छोटाईपट्टी के प्रांगण में एक महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन के खिलाफ जनजागरूकता फैलाई जाएगी।

Advertisement

गौरतलब है कि हाल के दिनों में पंचायत में कई बड़ी डकैतियां हुई हैं। वार्ड संख्या 16 के मो. शिबू के घर से लगभग 1.5 करोड़ की डकैती हुई, जबकि वार्ड 12 के सदस्य मो. दिलशाद के घर से 10 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली गई। वहीं, वार्ड 3 निवासी रघुवंश प्रसाद सिंह उर्फ फूल बाबू के मकान में रह रहे किरायेदार के करीब 10 लाख के सामान की डकैती हुई। इतना ही नहीं, दो अन्य घरों में डकैत दोबारा घुसने की कोशिश में थे, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से वारदात टल गई।

Advertisement

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अगर जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Share