Home Featured जतिन गौतम की संदिग्ध मौत: न्याय की मांग में अनिश्चितकालीन धरना शुरू।

जतिन गौतम की संदिग्ध मौत: न्याय की मांग में अनिश्चितकालीन धरना शुरू।

दरभंगा: केवटी प्रखंड के पचाढ़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 13 वर्षीय छात्र जतिन गौतम की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया। धरना पंचायत समिति सदस्य जगदीर यादव की अध्यक्षता में केवटी प्रखंड मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर शुरू किया गया।

Advertisement

विदित हो कि 8 जुलाई को विद्यालय परिसर में जतिन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। एक माह बीत जाने के बाद भी न तो कोई गिरफ्तारी हुई और न ही निष्पक्ष जांच, जिससे आक्रोशित परिजन, स्थानीय लोग और समाज के प्रतिनिधि धरना पर बैठ गए।

Advertisement

धरना स्थल पर जतिन के परिजनों के साथ केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, मुखिया रूबी कुमारी, इफ्तिखार अहमद समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन मामले को दबाने में लगे हैं। पोस्टमॉर्टम में लापरवाही की गई और रैयाम थाना कांड संख्या 47/25 एवं 48/25 के नामजद अभियुक्तों को अब तक हिरासत में नहीं लिया गया, जो पुलिस, प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन की मिलीभगत को दर्शाता है।

Advertisement

धरना के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गईं—मामले की उच्चस्तरीय स्वतंत्र सीबीआई जांच, दोषियों की कड़ी सजा, नामजद अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी, रैयाम थाना की ओर से शुभचिंतकों पर दर्ज कांड संख्या 50/25 को समाप्त करना तथा विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा के ठोस इंतजाम।

Advertisement

वक्ताओं ने कहा कि यह केवल जतिन का मामला नहीं, बल्कि हर बच्चे की सुरक्षा का सवाल है। आंदोलन राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की लड़ाई है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक मासूम जतिन को न्याय और दोषियों को सजा नहीं मिलती।

Share