Home Featured जनसुराज सभा का काला अध्याय: बैलेट हस्ताक्षर विवाद से मारपीट, 6घायल।

जनसुराज सभा का काला अध्याय: बैलेट हस्ताक्षर विवाद से मारपीट, 6घायल।

दरभंगा: जिले के हनुमाननगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तारालाही परिसर में रविवार को जनसुराज की जनसभा के दौरान जमकर हंगामा मच गया। प्रत्याशी चयन के लिए बैलेट पेपर से वोटिंग प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन बैलेट पर हस्ताक्षर को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकीं और लात-घूंसे चलाए, जिससे छह से अधिक लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति का सिर भी फट गया।

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद तब भड़का जब एक व्यक्ति ने कथित रूप से कई बैलेट पेपर पर जबरन हस्ताक्षर कर गिरा दिए। मंच के नीचे मौजूद कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिससे कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। मंच के ऊपर-नीचे अफरातफरी मच गई और लोग कुर्सियां फेंकने लगे। मंच पर बैठे पदाधिकारी भी नीचे उतर आए।

Advertisement

जनसुराज के कार्यकर्ता राजीव कुमार मणि ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह दुखद है कि पार्टी के मंच पर ऐसी घटना हुई। उन्होंने स्वीकार किया कि व्यवस्था में चूक हुई और वोटिंग प्रक्रिया ठीक से नहीं चली। कुछ लोग दबाव से टिकट पाने की मानसिकता अपना रहे हैं, जो गलत है। जनता सर्वोपरि है, लेकिन इस व्यवहार ने संगठन की आत्मा को ठेस पहुंचाई।

Advertisement

जिला चुनाव प्रभारी प्रो. सुरेंद्र मोहन यादव ने पुष्टि की कि सभा में प्रत्याशी चयन को लेकर इच्छुकों में होड़ मच गई। लोग मंच पर चढ़ गए और ‘हमें टिकट दो’ के नारे लगाने लगे, जिससे अव्यवस्था हुई, लेकिन बाद में सब शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।

Advertisement

स्थानीय ग्रामीण राजकुमार पासवान ने कहा कि इस हंगामे से गांव की बदनामी हुई। तारालाही के लोग शांतिप्रिय हैं। पार्टी को लाइन लगाकर शांतिपूर्ण वोटिंग करानी चाहिए थी, न कि गड़बड़ी मचानी चाहिए। स्थिति इतनी बिगड़ी थी कि कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी।

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस विद्यालय पहुंची। घायलों को हनुमाननगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, अब तक किसी पक्ष से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

Share