
जर्जर वैन के टूटे गेट से स्कूल छात्र की मौत: ग्रामीणों का स्कूल पर हंगामा, ड्राइवर फरार।
दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के लोआम गांव में स्कूल वैन से गिरकर तीसरी कक्षा के छात्र मो. समर (9) की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।मो. चमन के बेटे समर स्कूल से छह बच्चों को लेकर लौट रही जर्जर वैन में सवार थे।

सीता पेट्रोल पंप के पास मोड़ पर टर्न लेते समय खुला गेट टूट गया, जिससे समर बाहर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने बाकी बच्चों को बाइक से घर पहुंचाया।मृतक के चाचा अफजल ने बताया कि वैन कबाड़ा हालत में थी- न इंश्योरेंस, न इमरजेंसी नंबर। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने तीन घंटे तक फोन नहीं उठाए। न प्रिंसिपल पहुंचे, न मदद भेजी। बच्चे डरे हुए थे, लेकिन स्कूल की ओर से कोई सुधि नहीं ली गई।

सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश और मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

