Home Featured जाले में पीएम आवास योजना को लेकर बवाल, मारपीट और अवैध वसूली के आरोप  

जाले में पीएम आवास योजना को लेकर बवाल, मारपीट और अवैध वसूली के आरोप  

दरभंगा: जाले प्रखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रविवार (18 अगस्त) को जमकर विवाद हुआ। नरौछ धाम व राढ़ी पश्चिम पंचायत के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव रंजीत रंजन सत्यार्थी, मुखिया सुशील मिश्रा और उनके परिजनों पर अवैध वसूली, धमकी एवं मारपीट का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।

Advertisement

ग्रामीणों का आरोप

वार्ड संख्या-8 नरौछ धाम निवासी वीणा देवी, पति विष्णुदेव महतो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सचिव एवं मुखिया पक्ष के लोगों ने उनसे आवास स्वीकृति के लिए ₹2,000 से ₹4,000 तक की मांग की। विरोध करने पर मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए और जातिसूचक गालियां दी गईं। वीणा देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे मनोज कुमार की भी पिटाई की गई और उन्हें बुरी तरह प्रताड़ित किया गया।

Advertisement

सचिव का पलटवार

वहीं पंचायत सचिव रंजीत रंजन सत्यार्थी ने इन आरोपों से इन्कार करते हुए ग्रामीणों को ही दोषी ठहराया। उनका कहना है कि वह मतदाता सूची से जुड़े काम में व्यस्त थे, तभी मनोज कुमार जबरन आवास योजना का सर्वे करने की मांग करने लगे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज और हाथापाई की। सचिव का आरोप है कि ग्रामीणों ने उनकी बाइक की चाबी छीन ली और निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़ दिए।

Advertisement

नेताओं का बयान

बीजेपी किसान मोर्चा के मंत्री विपिन पाठक ने घटना को गरीबों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य हर जरूरतमंद को पक्का मकान देना है, लेकिन भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। लक्ष्मी सिंह ने भी चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई

जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है और दोषियों पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 

Share