
जिले के टॉप 20 अपराधियों के नाम गुंडा पंजी में करें दर्ज : डीआईजी।
दरभंगा: मिथिला क्षेत्र की डीआईजी डॉ. स्वप्ना गौतम मेश्राम ने एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान एसएसपी जगुनाथ रेड्डी, सिटी एसपी अशोक कुमार, ग्रामीण एसपी आलोक व एएसपी कोमल मीणा सहित, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

डीआईजी डॉ. मेश्राम ने जिले के टॉप 20 अपराधियों के नाम गुंडा पंजी में दर्ज करने और उपद्रवी तत्वों पर सीसीए के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस अधिकारियों को अपराध पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रहने और पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग करने को कहा गया। पुलिस पर हमले और सांप्रदायिक मामलों में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्ती से कुर्की करने का आदेश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपराध शाखा, लेखा शाखा, सामान्य शाखा, पेंशन शाखा, पुलिस के विरुद्ध लंबित कांड, सीसीए प्रस्ताव, मद्य निषेध, त्वरित विचारण, विदेशी शाखा, डीसीबी शाखा, मानवाधिकार, लोक शिकायत समेत सभी शाखाओं की गहन जांच की गई। अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। चिन्हित मामलों का जल्द विचारण पूरा करने को कहा गया।

हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, सांप्रदायिक हिंसा और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा हुई। सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स और इंस्टाग्राम की सतत निगरानी करने और आम जनता को पुलिस से जोड़ने का निर्देश दिया गया। गंभीर मामलों में 15 दिनों के भीतर पर्यवेक्षण टिप्पणी रिपोर्ट देने को कहा गया।


