Home Featured जेई की पिटाई करने वाला मुखिया पुत्र गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक हिरासत।
Featured - क्राइम - मुख्य - September 11, 2025

जेई की पिटाई करने वाला मुखिया पुत्र गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक हिरासत।

दरभंगा: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता (जेई) राजेश कुमार पासवान से मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने प्रमुख आरोपी एवं बंसारा पंचायत के मुखिया संजय झा के पुत्र शुभम झा को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजा। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

Advertisement

नल-जल योजना की जांच के दौरान हमला

यह मामला 28 जून की देर शाम का है। जेई राजेश कुमार पासवान अपने सहकर्मी दिव्यांश शेखर के साथ विभागीय आदेश पर बंसारा पंचायत के भरतपुर गांव में नल-जल योजना का भौतिक सत्यापन करने गए थे। इस दौरान काले रंग की बुलेट पर सवार होकर मुखिया का बेटा शुभम झा वहां पहुंचा। उसने अभियंता से पहचान पत्र दिखाने को कहा। राजेश कुमार ने आईडी कार्ड दिखाया और अपनी पहचान बताई, लेकिन इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

Advertisement

कुचला, पीटा और दी जातिसूचक गालियां

आरोप है कि शुभम झा ने अभियंता की मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली, नाम पूछने पर जातिसूचक गालियां दीं और लात-घूंसों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। यही नहीं, आरोपी ने अभियंता राजेश और उनके सहकर्मी दिव्यांश दोनों को जबरन अपनी बुलेट पर बैठाया और घर ले जाकर दोबारा मारपीट की। इस दौरान अभियंता का मोबाइल भी छीन लिया गया।

Advertisement

विभाग को दी गई सूचना

किसी तरह दिव्यांश शेखर ने विभागीय स्टाफ से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही केवटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों अभियंताओं को सुरक्षित निकालकर थाने लाई। बाद में उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

Advertisement

थाने में दर्ज हुआ केस

जेई राजेश कुमार पासवान ने लिखित आवेदन देकर पूरी घटना पुलिस को बताई। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी शुभम झा ने उनके काम में बाधा पहुंचाई, गाली-गलौज की और मारपीट की। आवेदन के आधार पर केवटी थाना कांड संख्या 158/25 दर्ज किया गया था।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

थानाध्यक्ष सदन राम ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी शुभम झा फरार था। पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना पर पुलिस ने उसे धर दबोचा और शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Share