Home Featured जोगियारा में सिरकटा शव बरामद, हायाघाट में युवक-युवती ट्रेन से गिरकर घायल।

जोगियारा में सिरकटा शव बरामद, हायाघाट में युवक-युवती ट्रेन से गिरकर घायल।

दरभंगा: सीतामढ़ी-दरभंगा रेलखंड के जोगियारा रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर सिग्नल से आगे संधिनियां के पास रविवार को एक व्यक्ति का सिर कटा शव रेल ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव क्षत-विक्षत हालत में था, जिसे देखने के लिए आसपास के गररी, संधिनियां, जोगियारा, देउरा, खेसर समेत कई गांवों के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

Advertisement

सूचना पर जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल और जीआरपी दरभंगा के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। तीन घंटे की खोजबीन के बाद शव से अलग हुआ सिर ट्रैक के किनारे झाड़ी में बरामद किया गया। मृतक की साइकिल और चप्पल ट्रैक किनारे पड़ी मिली। पहचान नगरडीह गांव निवासी भंडूल सहनी के 55 वर्षीय पुत्र पूरण सहनी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, मृतक मानसिक रूप से बीमार थे। पुलिस पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Advertisement

इधर, दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड पर हायाघाट-थलवाड़ा के बीच चिकनी रेलवे गुमटी के पास एक युवक और युवती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एपीएम थाना पुलिस ने दोनों को डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घायलों की पहचान राजीव कुमार पासवान (25) और मुस्कान कुमारी (20) के रूप में हुई। उनके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। बलहा गांव के ग्रामीणों ने उन्हें ट्रैक किनारे घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया।

Advertisement

Share