
ज्वेलर्स की दुकान में लाखों की चोरी, 8 किलो चांदी और सोने के जेवरात ले उड़े चोर।
दरभंगा। जाले थाना क्षेत्र के कदम चौक स्थित रतन बर्तन एंड रतन ज्वेलर्स में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का एस्बेस्टस फाड़कर और काउंटर का शीशा तोड़कर भीतर प्रवेश किया और करीब 8 किलो चांदी, 40 ग्राम सोने के आभूषण तथा 15 से 20 हजार रुपये नकद समेत लगभग 12 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चुरा ली।

दुकान संचालक रतन साह ने बताया कि सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो एल्बेस्टर टूटा हुआ था और काउंटर पूरी तरह बिखरा पड़ा था। चोरों ने दुकान के पांच दराज तोड़ डाले और उनमें रखे कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी के दौरान दुकान में लगा एलसीडी टीवी भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

रतन साह ने बताया कि बीते 18 महीनों में यह तीसरी बार है जब उनकी दुकान में चोरी या चोरी का प्रयास हुआ है। नवंबर 2024 और फरवरी 2025 में भी इसी प्रकार की घटनाएं हुई थीं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि हर बार उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य सौंपे हैं, पर नतीजा शून्य रहा है।

घटना के ठीक पास स्थित मां ज्वेलर्स में भी चोरों ने एस्बेस्टस तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
भरवाड़ा सर्राफा व्यवसाय संघ के अध्यक्ष पप्पू ठाकुर ने घटना की कड़ी निंदा की है और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार स्वर्ण व्यवसायियों को निशाना बनाया जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इधर, जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की गई। दुकान और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अज्ञात चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जाले बाजार के व्यवसायियों में रोष व्याप्त है और वे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

