
टावर चौक स्थित दवा दुकान से 8 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना।
दरभंगा: लहेरियासराय टावर चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने सिंह दवा घर में सोमवार की रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। महज दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित आदर्श थाना से कुछ ही दूरी पर हुई इस चोरी में लगभग सात लाख रुपये की महंगी दवाएं और एक लाख रुपये नकद चोरी हो गए। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय सड़क पर लोगों का आना-जाना और कुछ दुकानें खुली हुई थीं। सीसीटीवी फुटेज में 8-9 चोर सड़क किनारे खड़े नजर आ रहे हैं। उनमें से एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से दुकान का शटर टेढ़ा कर अंदर प्रवेश किया और दराज तोड़कर नकदी व महंगी दवाएं लेकर फरार हो गया। उसी समय फुटेज में सामने से एक बारात गुजरती भी दिख रही है।
घटना की जानकारी स्थानीय दुकानदारों ने मकान मालिक को दी, जिसके बाद सिंह दवा घर के प्रोपराइटर राजेश मोहन सिंह की पत्नी वीणा सिंह मौके पर पहुंचीं और देखा कि शटर टूटा हुआ था तथा दवा व नकदी गायब थी। तत्पश्चात डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

फिलहाल आरोपितों की पहचान नहीं हो सकी है।उल्लेखनीय है कि एक माह पूर्व राजेश मोहन सिंह के आवास पर भी 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।

इधर, दवा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजेश मोहन सिंह ने बताया कि संगठन का प्रतिनिधिमंडल दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी जलरेड्डी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।पिछले कुछ दिनों में शहर में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। बलभद्रपुर के लक्ष्मीपुर मोहल्ले में विमल कुमार के घर से 8 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए, वहीं कटरहिया स्थित रिटायर्ड डीएसपी कुदरतुल्लाह के घर से 450 ग्राम सोना, दो किलो चांदी, छह लाख नकद और मोबाइल चोरी होने की घटना भी अब तक अनसुलझी है।

