Home Featured ट्रैफिक महिला सिपाहियों की बहादुरी: चोरी की वारदात में महिला गैंग को पकड़ा, 7000 रुपये लौटाए।

ट्रैफिक महिला सिपाहियों की बहादुरी: चोरी की वारदात में महिला गैंग को पकड़ा, 7000 रुपये लौटाए।

दरभंगा:  लहेरियासराय टावर के पास रविवार दोपहर एक महिला गैंग ने ऑटो में यात्रा कर रहे यात्री से 7000 रुपये चुरा लिए। ट्रैफिक थाने की दो महिला सिपाही अर्चना कुमारी और बबीता कुमारी ने चोरों को मौके पर दबोच लिया। पकड़ी गई मुख्य आरोपी मधुबनी जिले के देवधा थाना क्षेत्र के देवधा गांव निवासी पिंकी देवी है, जो दो नाबालिग लड़कियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दे रही थी।

Advertisement

घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बलहा जोगियारा गांव के सुनील राम से जुड़ी है। सुनील अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ तारसराय से दरभंगा आ रहे थे। बेला मोड़ से ऑटो में सवार होने के बाद दरभंगा स्टेशन के पास आरोपी महिलाएं भी चढ़ गईं। मौका पाते ही उन्होंने सुनील की पत्नी के बैग से नकदी से भरा पर्स चुरा लिया और बेनता चौक पर उतर गईं। दूसरे ऑटो में सवार होकर भागने की कोशिश कर रही थीं।

Advertisement

लहेरियासराय टावर पहुंचने पर सुनील को पर्स गायब होने का पता चला। उन्होंने दूसरे ऑटो से उतर रही संदिग्ध महिला को देख लिया और ‘चोर-चोर’ चिल्लाने लगे। इस पर महिला सिपाहियों ने पिंकी देवी को तत्काल पकड़ लिया। तलाशी में चोरी का पर्स बरामद हो गया। आरोपी ने अपने साथी नाबालिगों के साथ हंगामा मचाया, लेकिन मौके पर पहुंची लहेरियासराय थाने की पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। एएसआई बालाकांत कुमार के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।

Advertisement

हालांकि, पीड़ित सुनील राम ने अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। महिला सिपाहियों की तत्परता से चोरी की वारदात नाकाम हुई और नकदी पीड़ित को लौटा दी गई।

Share