
डीएम के जनता दरबार में कई शिकायतों का हुआ त्वरित निष्पादन।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। जिन मामलों का तत्काल निवारण संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में हर घर नल-जल योजना, बिजली आपूर्ति, शिक्षा, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ग्रामीण विकास तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभागीय अधिकारी समस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके।

जनता दरबार में जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता व जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, सहायक नोडल आईटी कोषांग पूजा चौधरी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और कई आवेदनों पर मौके पर ही कार्रवाई प्रारंभ की।


