डीएम ने शिक्षकों को चेताया, लगातार अनुपस्थित रहने पर हो जायेंगे सेवामुक्त।

दरभंगा : जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आज शिक्षा विभाग के कार्यकलापों की मासिक समीक्षात्मक बैठक हुई. विद्यालय में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पहले वैसे लोगों से सम्पर्क करें, जो भवन बनाने के लिए स्वेच्छा से जमीन दान दे. इसके लिए जिलाधिकारी ने जमीन के आकार को भी रेखांकित किया. वहीं जिलाधिकारी ने विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने के साथ-साथ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की जांच करने का आदेश दिया. जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक के अनुपस्थित रहने और समय पर नहीं पहुंचने की शिकायते मिल रही है. ऐसे में निरीक्षण कर अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछे और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के साथ-साथ अगर तीन बार शिकायतें आती है, तो उनकी सेवा मुक्त करने की अनुशंसा करें. जिलाधिकारी ने विद्यालय में साफ-सफाई को लेकर जागरूकता अभियान उठाने की जरूरत बताया. वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल को लेकर आरओ फिल्टर लगाने का आदेश दिया. बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद थे.

