Home Featured तिहरे हत्याकांड: अदालत ने तीन नए आरोपियों को नोटिस  किया जारी।

तिहरे हत्याकांड: अदालत ने तीन नए आरोपियों को नोटिस  किया जारी।

दरभंगा: जीएम रोड, राजकुमार गंज में 2022 के तिहरे हत्याकांड के सत्रवाद संख्या 217/22 में अपर लोक अभियोजक रेणु झा ने अभियोजन पक्ष की ओर से धारा 319 के तहत तीन नए आरोपियों को नामजद करने का आवेदन प्रस्तुत किया। अदालत ने साक्ष्यों की गहन जांच के बाद आवेदन स्वीकार कर लिया और दरभंगा राज परिवार के सदस्य कपिलेश्वर सिंह, अमरकांत झा तथा मंटून दास को नोटिस जारी कर ट्रायल में शामिल होने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर 2025 को निर्धारित की गई है।

Advertisement

अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना 10 फरवरी 2022 की शाम करीब सात बजे घटी थी। नगर थाना कांड संख्या 39/22 के तहत दर्ज मामले में शिवकुमार झा ने करीब 50 लोगों के साथ मिलकर जमीन कब्जा करने के प्रयास में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग में संतोष झा, पिंकी झा और निक्की कुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं। संतोष और पिंकी की डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि निक्की की हालत गंभीर बनी रही।

Advertisement

इस मामले में कुल 10 आरोपी हैं। अदालत ने पहले से मुकदमे में शामिल शिवकुमार झा, भास्कर कुमार, मिथिलेश पासवान और अभिमन्यु सिंह के खिलाफ आरोप सिद्ध मान लिया है। नए नामजद आरोपियों कपिलेश्वर सिंह, अमरकांत झा और मंटून दास को जमानत पर रिहा होने के बाद ट्रायल का सामना करना होगा।

Advertisement

मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा), 336 (सार्वजनिक खतरा), 302 (हत्या) और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत दर्ज है। एडिशनल पीपी रेणु झा ने बताया कि यह हत्याकांड भू-माफियाओं की बर्बरता को उजागर करता है। अदालत अब दोष सिद्ध होने पर सजा का फैसला लेगी, जिस पर शहरवासियों की नजरें टिकी हैं।

Advertisement
Share