Home Featured तेंदुए-हिरण की खाल तस्करी का पर्दाफाश: पूर्व मंत्री के बेटे समेत चार रंगेहाथ गिरफ्तार।

तेंदुए-हिरण की खाल तस्करी का पर्दाफाश: पूर्व मंत्री के बेटे समेत चार रंगेहाथ गिरफ्तार।

दरभंगा: दरभंगा वन प्रमंडल के मधुबनी जिले के झंझारपुर में वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को झंझारपुर रेलवे स्टेशन के निकट आरएस थाना क्षेत्र के एक आवास पर छापेमारी कर एक तेंदुए और दो हिरणों की खाल बरामद की।

इस कार्रवाई में चार तस्करों को रंगेहाथ पकड़ा गया, जिनमें बिहार के एक पूर्व मंत्री के पुत्र पंकज कुमार झा भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को शनिवार को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।जब्त खालें झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र से लाई गई बताई जा रही हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में झंझारपुर थाना क्षेत्र के दक्षिण बेहट (वार्ड-6, नगर परिषद) निवासी पंकज कुमार झा, लखनौर थाना क्षेत्र के रहिका निवासी अजय कुमार झा, मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के धीरज कुमार श्रीवास्तव और पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा प्रखंड के चंदन कुमार सिंह शामिल हैं।

Advertisement

पूर्व मंत्री के पुत्र पंकज की गिरफ्तारी से इलाके में सनसनी फैल गई है। अधिकारियों के अनुसार, वह राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवार से है और उसका ससुराल झारखंड की राजधानी रांची में स्थित है। इस गिरफ्तारी की खबर फैलते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया। वन विभाग ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share