
तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, सड़क किनारे फोन पर बात करते समय हुआ हादसा।
दरभंगा: तेज रफ्तार पिकअप वैन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार देर शाम दलान रीशॉर्ट चिकनी के पास हुआ, जब युवक नानी के घर से भोजन कर बाइक से अपने घर लौट रहा था।

मृतक की पहचान फरदाहा वार्ड नंबर-2 निवासी अमित लाल देव (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप वाहन की पहचान की जा रही है।परिजनों के अनुसार, अमित अपनी नानी के घर जफरा वार्ड संख्या-4 रिश्तेदारों से मिलने आया था।

घर लौटने के दौरान रास्ते में मोबाइल पर कॉल आने पर उसने सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान शिवराम की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की एक हेडलाइट बंद थी, जिससे वाहन समय पर नजर नहीं आया और हादसा हो गया। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।परिजनों ने बताया कि अमित मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 5और 3साल बताई गई है।

मृतक के पिता मिथिलेश लाल देव लंबे समय से बीमार हैं। परिवार में एक भाई और एक बहन भी हैं।मृतक के मामा कारी लाल देव ने बताया कि अमित साल के आखिरी दिनों में ननिहाल आया था। वहीं चाचा अमरेश लाल देव ने कहा कि नए साल को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं, रिश्तेदारों से मिलकर लौटते समय यह घटना हो गई। परिजनों का कहना है कि अमित की मौत से परिवार पर संकट गहरा गया है।

