
दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन को मिलेगी ऐतिहासिक सौगात : सांसद।
दरभंगा: मिथिला के केंद्र बिंदु दरभंगा स्थित एयरफोर्स स्टेशन और एयरपोर्ट के सर्वांगीण विकास की दिशा में केंद्र सरकार गंभीर है। भाजपा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर 100 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कराने का आग्रह किया।

सांसद ने बताया कि रक्षा मंत्री ने इस संबंध में शीघ्र ठोस पहल का आश्वासन दिया है। प्रस्तावित योजनाओं में 50 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए 50 आवासीय क्वार्टर, 20 करोड़ की लागत से बनी चारदीवारी और 25 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अस्पताल सह मेडिकल स्टेशन का लोकार्पण शामिल है।

उन्होंने कहा कि नया अस्पताल दरभंगा और मिथिला के लिए वरदान साबित होगा। साथ ही, उन्होंने सैनिक भर्ती केंद्र की स्थापना, वायु सेना स्कूल को प्राथमिक से उच्च माध्यमिक स्तर पर उन्नयन, एयरफोर्स स्कूल ऑफ फिजिकल फिटनेस और मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की भी मांग रखी है। इन प्रस्तावों पर औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।


