
दरभंगा की दीपिका झा बनीं दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ की संयुक्त सचिव।
दरभंगा: जिले के बिरौल प्रखंड की बेटी दीपिका झा ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में संयुक्त सचिव पद हासिल कर इतिहास रच दिया है। देकुली जगरनाथपुर पंचायत के हांसी गांव की रहने वाली दीपिका की इस उपलब्धि पर उनके गांव और जिले में खुशी का माहौल है।

शिक्षा और छात्र राजनीति का सफर
दीपिका ने प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली के बुराड़ी स्थित सर्वोदय विद्यालय से पूरी की। इसके बाद लक्ष्मी बाई विश्वविद्यालय से संस्कृत में ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन की छात्रा हैं।

साल 2021 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ने के बाद उन्होंने छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान वह इकाई अध्यक्ष, जिला संगठन मंत्री और कार्यकारिणी प्रांत सदस्य जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।

पारिवारिक पृष्ठभूमि
दीपिका के पिता बलराम झा सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं। उनकी बड़ी बहन प्रतिभा झा एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं, जबकि भाई विजय कुमार झा सिविल इंजीनियर हैं। परिवार पिछले तीन दशकों से दिल्ली के बुराड़ी में रह रहा है।

गांव में खुशी का माहौल
दीपिका की जीत की खबर मिलते ही हांसी गांव में जश्न का माहौल बन गया। आर्यावर्त सेंट्रल स्कूल के निदेशक अमित राय और स्थानीय ग्रामीण राधा रमण झा सहित कई लोगों ने दीपिका की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया।
सफलता का श्रेय संगठन और परिवार को
दीपिका झा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और संगठन के कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी सक्रिय राजनीति में अपना योगदान देना चाहती हैं।

