
दरभंगा के चौक-चौराहों का बदलेगा चेहरा, महापौर ने लिया जायजा।
दरभंगा: नगर निगम दरभंगा द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में अहम पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम की महापौर अंजुम आरा ने गुरुवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का भौतिक निरीक्षण किया और सौंदर्यीकरण कार्यों की संभावनाओं का जायजा लिया।

महापौर ने दरभंगा टावर, कटहलबाड़ी चौक, कर्पूरी चौक सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत इन स्थलों को न केवल सजाया-संवारा जाएगा, बल्कि आधुनिक शहरी सौंदर्य के साथ स्थानीय सांस्कृतिक पहचान भी प्रस्तुत की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि दरभंगा एक ऐतिहासिक शहर के साथ-साथ एक स्मार्ट, स्वच्छ और हरा-भरा शहर के रूप में उभरे। इसके लिए हर छोटे-बड़े स्थान को संवारा जाएगा।”

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में चौक-चौराहों पर ग्रीन स्पेस, बैठने की समुचित व्यवस्था, कलात्मक पेंटिंग्स, सोलर लाइट्स और लोक कला व संस्कृति को दर्शाने वाले प्रतीक चिह्न स्थापित किए जाएंगे। साथ ही सड़क किनारे हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण भी कराया जाएगा।

नगर निगम की यह पहल जहां शहर को एक नई सौंदर्य पहचान देगी, वहीं नागरिकों को बेहतर माहौल और सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहरी सौंदर्यीकरण की दिशा में यह एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

