
दरभंगा जंक्शन वाशिंग पिट में अपराध की साजिश नाकाम, चार गिरफ्तार।
दरभंगा: दरभंगा जंक्शन के वाशिंग पिट क्षेत्र में अपराध की योजना बनाकर सामान का बंटवारा कर रहे चार संदिग्धों को रेल पुलिस ने रविवार को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से कई मोबाइल फोन, नकदी, ब्लेड तथा संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए।

जीआरपी थानाध्यक्ष किंग कुंदन और आरपीएफ पोस्ट इंचार्ज पुखराज मीणा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग वाशिंग पिट क्षेत्र में बैठकर अपराध की योजना बना रहे हैं और सामान का बंटवारा कर रहे हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद रेल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ के सहयोग से छापेमारी की गई।पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग घबरा गए, जिन्हें घेराबंदी कर मौके से पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और बरामद सामान की जांच की जा रही है।

