
दरभंगा: जदयू के नही बदलेंगे सिटिंग उम्मीदवार, भाजपा में दो के कटेंगे टिकट, एक की बदल सकती है सीट।
दरभंगा। अभिषेक कुमार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों में सरगर्मी तेज हो गयी है। सभी दल नए नए धन्ना सेठों को टिकट के नाम पर खर्चा करवाना भी शुरू कर चुके है। जल्द दिल्ली मुम्बई में रहने वाले धन्ना सेठ समाजसेवी की भूमिका में पैसे उड़ाते नजर आने लगेंगे। पर एनडीए में तमाम जुगाड़ के बाद भी किसी नए को टिकट मिलना मुश्किल लग रहा है।

वॉयस ऑफ दरभंगा को राजनीतिक सूत्रों से मिली खबर के अनुसार दरभंगा जिले में एनडीए खेमे में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। बात जदयू की करे तो इनके सिटिंग उम्मीदवार के टिकट कटने की संभावना न के बराबर है। वहीं बात भाजपा की करें तो कुछ बदलाव की संभावना दिख रही है।

भाजपा कोटे की हायाघाट सीट लोजपा (रा) को जाने की प्रबल संभावना है। ऐसे में वर्तमान विधायक रामचन्द्र प्रसाद का पत्ता कट सकता है। वहीं अलीनगर में मिश्रीलाल यादव की जगह भी खाली हो सकती है। इस खाली जगह में केवटी के वर्तमान विधायक मुरारी मोहन झा को टिकट दिया जा सकता है। वहीं केवटी से किसी यादव उम्मीदवार को लड़ाने की तैयारी भाजपा द्वारा किये जाने की संभावना है।

अगर लोजपा (रा) दो सीटों पर लड़ने पर अड़ी रहती है तो हायाघाट के बाद उसकी दूसरी पसंद कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) सीट मानी जा रही है। पर वहां जदयू के सिटिंग विधायक होने के कारण जदयू इस दावे को स्वीकार नहीं करेगा। ऐसी स्थिति में लोजपा के हिस्से में दरभंगा ग्रामीण विधानसभा की सीट जा सकती है।

दरभंगा जिले में जदयू विधायक मदन सहनी और भाजपा विधायक स्वर्णा सिंह को लेकर क्षेत्र में असंतोष की चर्चा है। पर तमाम असंतोष और विरोध के बाबजूद इनके टिकट कटने की संभावना न के बराबर है।
अबतक के राजनीतिक परिदृश्य के आधार उपरोक्त आकलन वॉयस ऑफ दरभंगा की टीम द्वारा किया गया है। यदि परिदृश्य बदलता है तो फिर बदलतीं संभनाओ पर भी परिचर्चा जारी रहेगी।

