
दरभंगा बने न्याय का केंद्र, सांसद ने रखी मांग।
दरभंगा: भाजपा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि उत्तर बिहार के करोड़ों लोगों की सुविधा के लिए दरभंगा में पटना हाईकोर्ट का एक बेंच स्थापित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में न्यायिक कार्यों के लिए उत्तर बिहार के लोगों को पटना जाना पड़ता है, जहां तक पहुँचने में चार से सात घंटे का समय लग जाता है। इससे लोगों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शनिवार को सांसद ठाकुर ने केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर इस संबंध में स्मरण पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि दरभंगा उत्तर बिहार का केंद्र बिंदु है और यहां हाईकोर्ट बेंच बनने से न्यायिक कार्यवाही की दूरी आधी रह जाएगी। साथ ही बड़ी संख्या में लंबित मामलों का तेजी से निपटारा संभव हो सकेगा।

सांसद ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दस वर्षों की तुलना लोग दरभंगा के लिए स्वर्णिम काल के रूप में करते हैं, उसी तरह हाईकोर्ट बेंच की स्थापना उत्तर बिहार के लोगों के लिए अमृत समान होगी।


