Home Featured दरभंगा में अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत, एक झुलसा।

दरभंगा में अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत, एक झुलसा।

दरभंगा: जिला के कुशेश्वर स्थान पूर्वी प्रखंड में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। एक मामला करंट लगने का है, वहीं दूसरी घटना आकाशीय बिजली गिरने की है।

Advertisement

पहली घटना केवटगामा गांव की है, जहां टेंट व्यवसायी सचिन कुमार राय (29) अपने घर में बिजली से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक करंट लग गया। परिजन द्वारा तत्काल सहायता किए जाने से पहले ही उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया। परिजनों ने ग्रामीण श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी समेत परिजनों को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।

Advertisement

दूसरी घटना तिलकेश्वर गांव की है, जहां खेत में धान की रोपाई कर रहे मजदूर राम जतन मुखिया (50) पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पूर्व मुखिया हीरा देवी के पुत्र रणवीर कुमार इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गए। उनका इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।

Advertisement

तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केसरी नंदन राम ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Share