
दरभंगा में कानून-व्यवस्था पर सवाल, कुख्यात अपराधी का पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल।
दरभंगा: जिला में दिनदहाड़े पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है। मामले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पिस्टल के साथ दिख रहे अपराधी की पहचान चंदन दास के रूप में हुई है। मामला सदर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर मोहल्ले की है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दिलावरपुर में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी रामचंद्र चौधरी के घर के सामने ऑटो खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे कुख्यात अपराधी चंदन दास ने कमर से पिस्टल निकाल ली और मारपीट शुरू कर दी। अपराधी के पिस्टल निकालकर लहराने और मारपीट के बाद मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान किसी ने डायल 112 को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चंदन दास फरार हो चुका था। रिटायर्ड पुलिसकर्मी रामचंद्र चौधरी ने आरोप लगाया है कि दिलावरपुर मंदिर से दोनार गुमटी तक अवैध ऑटो स्टैंड का संचालन हो रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ऑटो ड्राइवरों ने चंदन दास को बुला लिया, जिसने आकर पिस्टल लहराते हुए ऑटो स्टैंड का विरोध करने वालों को धमकाया।

चंदन दास कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। वो पहले भी जेल भेजा जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। चंदन दास पर दोनार चौक स्थित डॉ. नीरज प्रसाद के हेरिटेज अस्पताल पर बम ब्लास्ट करने का भी आरोप है। उस मामले में तत्कालीन एसएसपी एमआर नायक ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पिस्टल लहराने के वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोग प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
सदर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि देर रात वायरल वीडियो मुझे भी प्राप्त हुआ है। वीडियो का सत्यापन करवा रहे हैं। पीड़ित पक्ष अब तक आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है। आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अगर आवेदन नहीं मिलेगा तो भी वायरल वीडियो के वेरिफिकेशन के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

