
तीज की रात पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला, 16 दिन पहले बनी मां की मौत।
दरभंगा: जिले में एक शख्स ने तीज की रात अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, महिला 16 दिन पहले ही मां बनी थी। आरोपी पर पहले भी पहली पत्नी की हत्या का आरोप लग चुका है।

घटना सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर बेला की है। मृतका की पहचान विभा देवी (19) के रूप में हुई है, जो नेहरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के रहने वाले जीवछ पासवान की बेटी थी। विभा की शादी करीब एक साल पहले प्रमोद कुमार पासवान से हुई थी। शादी के बाद 16 दिन पहले ही विभा एक बच्चे की मां बनी थी।

मृतका के परिजन के मुताबिक, मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे विभा देवी घर में सो रही थी। तभी उनके पति प्रमोद ने लोहे के रॉड से पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विभा गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद विभा को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) ले गया, जहां से हालत गंभीर देख पीएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन आरोपी पत्नी को पीएमसीएच ले जाने के बजाय हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां गुरुवार की रात इलाज के दौरान विभा की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी प्रमोद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसने अब तक तीन शादियां की हैं। पहली पत्नी मारपीट से तंग आकर उसे छोड़कर चली गई। दूसरी पत्नी गर्भवती थी, जिसे आरोपी ने कुल्हाड़ी से मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में वह जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद ही उसकी शादी विभा से हुई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। विभा की मौत से गांव में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

