Home Featured दरभंगा में तेज प्रताप यादव ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना, कहा- कानून व्यवस्था चरमरा गई है!
Featured - मुख्य - August 6, 2025

दरभंगा में तेज प्रताप यादव ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना, कहा- कानून व्यवस्था चरमरा गई है!

दरभंगा: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव बुधवार की शाम दरभंगा जिले के बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत उजैना गांव पहुंचे। उनका आगमन पूर्व मुखिया मणीकांत यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में हुआ, जहां उनका पारंपरिक मिथिला रीति-रिवाज के अनुसार पाग, चादर और फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

Advertisement

कार्यक्रम स्थल पर तेज प्रताप यादव की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक उमड़ पड़े। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘तेज प्रताप जिंदाबाद’ और ‘टीम तेज प्रताप’ के नारे गूंजते रहे।

Advertisement

अपने संबोधन में तेज प्रताप यादव ने छोटे भाई तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद देते हुए कहा, “तेजस्वी बिहार के मुख्यमंत्री बनें, हमारा आशीर्वाद है। चाहे हमें पार्टी से निकाल दें, छोड़ दें, वह अलग बात है। कृष्ण को भी तो लोगों ने छोड़ दिया था।”

Advertisement

उन्होंने कहा कि वह पूरे बिहार में ‘टीम तेज प्रताप’ के माध्यम से युवाओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

राज्य में बढ़ते अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए तेज प्रताप ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

Advertisement

“कभी अस्पताल में घुसकर गोली मारी जा रही है, तो कभी सड़क पर हत्या हो रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।” उन्होंने दावा किया कि इस बार के चुनाव में एनडीए सरकार का जाना तय है।

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी तेज प्रताप ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है, जिससे नौजवान भटक रहे हैं। “हमारी सरकार बनी तो रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम में पूर्व मुखिया मणीकांत यादव ने ‘टीम तेज प्रताप’ में शामिल होने की घोषणा की। तेज प्रताप ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

Share