
दरभंगा में निकली भव्य बजरंग शोभायात्रा, हनुमान चालीसा पाठ भंडारा के तीन वर्ष पूरे होने पर आयोजन।
दरभंगा: अखिल भारतीय हिन्दू जागरण सेवा समिति द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ भंडारा के सफल आयोजन के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में भव्य बजरंग शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत नेहरू स्टेडियम स्थित महावीर मंदिर से हुई, जो लोहिया चौक, दारूभट्ठी चौक, लाईट हाउस सिनेमा, रहमगंज, सिनेमा चौक, मिर्जापुर और आयकर चौक होते हुए मनोकामना मंदिर, राज प्रांगण तक पहुंची।

शोभायात्रा का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी, समिति के संस्थापक अमरनाथ गामी और मौनी बाबा ने संयुक्त रूप से किया। समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में हनुमान भक्त—महिला एवं पुरुष—इस आयोजन में शामिल हुए। शोभायात्रा में आगे चार घोड़े और पीछे चार सजी हुई ट्रॉलियों पर भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं जलपान कराकर शोभायात्रा का स्वागत किया।

समिति के संस्थापक अमरनाथ गामी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शोभायात्रा हनुमान चालीसा पाठ भंडारा के 160 सप्ताह पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत दरभंगा से हुई है और इसका उद्देश्य सम्पूर्ण बिहार होते हुए देशभर में भक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिसमें न कोई जाति का भेद होता है, न अमीरी-गरीबी का। इसमें सभी भक्त एक समान होकर एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। इस आयोजन में न पंडित की जरूरत, न महंगी पूजन सामग्री, बल्कि केवल भक्ति और आस्था से भगवान को प्रसन्न करने का प्रयास होता है। आयोजन में दिखी आस्था और सहभागिता ने दरभंगा की सड़कों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।


