
दरभंगा में पेयजल संकट को लेकर डीएम ने की आपात बैठक, हर गांव में अलग मरम्मती दल भेजने का निर्देश।
दरभंगा: समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पेयजल संकट के समाधान को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को पेयजल संकट से राहत दिलाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का सख्त निर्देश दिया।

उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि चापाकल और नल-जल की मरम्मत के लिए तकनीकी कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। प्रत्येक गांव में अलग-अलग मरम्मती दल भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि आपात स्थिति को देखते हुए अनुबंधित संवेदकों के अलावा अन्य योग्य संवेदकों से भी कार्य लिया जाए।

डीएम ने निर्देश दिया कि 24 घंटे के अंदर सभी छोटे-छोटे क्षतिग्रस्त चापाकलों की मरम्मत कर दी जाए। शहरी क्षेत्र के लिए नगर परिषद और नगर पंचायतों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक वार्ड में 1000 लीटर की टंकी से ट्रैक्टर के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाए। जरूरत पड़ने पर नए समरसेबल पंप भी लगाए जाएं।

बैठक में अपर समाहर्ता सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, सहायक आपदा पदाधिकारी प्रणव राज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


