
दरभंगा में बस ड्राइवर-कंडक्टर की हड़ताल।
दरभंगा: कैदराबाद बस स्टैंड पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के ड्राइवर और कंडक्टर हड़ताल पर बैठे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि विभाग मनमानी कर रहा है और एक व्यक्ति की शिकायत पर बिना जांच के कर्मियों को नौकरी से हटा दिया जाता है।

शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर डॉ. जमाल हसन धरनास्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह कर्मचारियों के अधिकारों का हनन है। डॉ. हसन ने आरोप लगाया कि ड्राइवरों और कंडक्टरों से 8 घंटे की जगह 30-30 घंटे तक लगातार ड्यूटी करवाई जाती है, जो न केवल शोषण है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बन सकता है।

कांग्रेस नेता ने यह भी बताया कि दरभंगा बस स्टैंड, दिल्ली मोड़ और गांधी मैदान पर कर्मचारियों से अवैध वसूली की जाती है। उन्होंने सरकार से तत्काल इस पर रोक लगाने की मांग की। धरना प्रदर्शन में दरभंगा जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव बसंत कुमार झा सहित दर्जनों कार्यकर्ता और कर्मचारी मौजूद थे।


