
दरभंगा में मचा बवाल: यूट्यूबर ने मंत्री जीवेश मिश्रा पर लगाया मारपीट का आरोप, FIR दर्ज।
दरभंगा: जिले के जाले विधायक और बिहार सरकार के मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। रविवार को एक यूट्यूबर ने उन पर मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया। मामले में सिंहवाड़ा थाने में मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

यूट्यूबर का आरोप
यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी उर्फ दिवाकर का कहना है कि उन्होंने मंत्री से विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछा। पहले मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन जब उन्होंने दोबारा सवाल किया तो मंत्री और सहयोगियों ने मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और माइक तोड़ दिया।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिवाकर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो में सुनी जा रही आवाज की पुष्टि नहीं हो सकी है।

तेजस्वी यादव पहुंचे थाने
घटना के बाद राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव खुद दिवाकर को साथ लेकर सिंहवाड़ा थाने पहुंचे और FIR दर्ज कराई। उन्होंने कहा–
“अगर पुलिस ने मंत्री को हिरासत में नहीं लिया तो हम दरभंगा में चक्का जाम करेंगे।”
“पत्रकार को मां की गाली दी गई, क्या प्रधानमंत्री दरभंगा आकर रोएंगे?”
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला और कहा–
“मंत्री जी को सवाल अच्छा नहीं लगा तो पीट दिया। पत्रकार को किडनैप करने की कोशिश की गई। अगर अभी कार्रवाई नहीं हुई तो कल दूसरे पत्रकारों पर हमला होगा।”
“भाजपा वाले सत्ता के नशे में भूल गए हैं कि कुर्सी स्थायी नहीं है। हम सत्ता में आकर न्याय दिलाएंगे।”
मंत्री की सफाई
वहीं मंत्री जीवेश मिश्रा ने मारपीट के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित साजिश रची गई।
“घटनास्थल पर पहले से एक बड़ा पत्थर रखा गया था। मुझ पर हमले की तैयारी थी, लेकिन थानाध्यक्ष ने स्थिति को भांपते हुए मुझे सुरक्षित आगे बढ़ा दिया।”
“मेरे काफिले में पीछे चल रही गाड़ियों पर यूट्यूबर ने माइक से हमला किया और शीशा तोड़ने की कोशिश की। कपड़ा खुद फाड़कर झूठा वीडियो बनाया गया।”
मंत्री ने यह भी कहा कि जिस सड़क को लेकर सवाल किया जा रहा था, उसका टेंडर पहले ही जारी हो चुका है और इसका प्रमाण सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

मंत्री ने तेजस्वी को भेजने की बात कही नोटिस
तनाव बढ़ने के बाद मंत्री मिश्रा ने घोषणा की कि वह तेजस्वी यादव को कानूनी नोटिस भेजेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष नेता द्वारा दवा मामले में लगाए गए आरोप तथ्यहीन और बेबुनियाद हैं।
घटना का पृष्ठभूमि
घटना दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के रामपट्टी गांव में हुई। यहां अर्जुन सहनी की मां के निधन पर मंत्री संवेदना प्रकट करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंत्री जब गांव पहुंचे तो यूट्यूबर ने रास्ते में घेरकर हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद SDPO शुभेंद्र कुमार सुमन मौके पर पहुंचे और माहौल शांत कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

