
दरभंगा में महिला कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारी के साथ ठगी, 3.5 लाख के जेवरात लेकर फरार बदमाश ।
दरभंगा: बिशनपुर थाना क्षेत्र के पंचोभ गांव में झारखंड महिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व महासचिव नीलम चौधरी ठगी की शिकार हो गईं। बदमाश पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के बहाने उनके घर पहुंचे और करीब 3.5 लाख रुपये के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की शिकायत पुलिस से की है।

नीलम चौधरी ने बताया कि सोमवार को पूजा-पाठ के बाद घर पर थीं। इसी दौरान दो लोग पहुंचे और खुद को पंडित बताकर एक यज्ञ में शामिल होने का न्योता दिया। उनमें से एक ने उनके परिवार के सदस्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे वे विश्वास में आ गईं। इसके बाद बदमाश ने उन्हें ताबीज पहनाने और जंतर रखने के बहाने उनकी सोने की चेन उतरवा ली और तकिए के नीचे रखने की बात कहकर बाहर निकालकर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव कुमार एवं बिशनपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बयान के आधार पर मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण मुकुंद चौधरी ने कहा कि इतने अनुभव और राजनीतिक तौर पर सक्रिय महिला के साथ इस तरह की ठगी होना पूरे क्षेत्र के लिए चिंता की बात है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और ग्रामीणों को लगातार जागरूक करने की मांग की।


