
दरभंगा में राहुल-तेजस्वी की यात्रा सुपर फ्लॉप : सांसद।
दरभंगा: भाजपा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि मिथिला खासकर दरभंगा की धरती ज्ञान और शिक्षा का केंद्र बिंदु है। यहां के लोग सदैव न्याय और कानून में आस्था रखते आए यही कारण है कि विभिन्न भ्रष्टाचार के आरोपी तेजस्वी तथा हर वक्त कानून को मजाक बनाने वाले राहुल गांधी की यात्रा को दरभंगा की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है।

सांसद ने संसदीय कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ राहुल-तेजस्वी की यात्रा को सुपर फ्लॉप करार देते हुए कहा कि जिस मुद्दे पर कांग्रेस-राजद सहित अन्य विपक्षी दलों ने राहुल-तेजस्वी के नेतृत्व में यह यात्रा चला रही है। वह न केवल सत्य से परे है, बल्कि पूरी तरह से झूठ और बेबुनियाद है। यही कारण है कि यहां के बुद्धिजीवियों तथा युवाओं ने इस यात्रा को नजर अंदाज कर यह साबित कर दिया है कि दरभंगा जैसे शांति प्रिय मिथिला की इस भूमि पर फिरकापरस्त लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।

सांसद डॉ. ठाकुर ने संविधान बचाने के नाम पर राहुल-तेजस्वी की यात्रा पर जमकर बरसते हुए कहा कि भरी लोकसभा में पर्ची फारकर संविधान का अपमान करने वाले राहुल तथा बालिग होने से पहले ही दर्जनों भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपित हो चुके तेजस्वी यादव के मुंह से संविधान और कानून की बात हास्यास्पद लगती है। सांसद डॉ. ठाकुर ने राहुल-तेजस्वी की यात्रा पर तंज कसते हुए कहा मुद्दाविहीन विपक्षी दलों के द्वारा यह यात्रा महज नौटंकी के सिवा कुछ नहीं है। क्योंकि बिहार विधानसभा की आसन्न चुनाव में अपनी सुनिश्चित हार को देखकर इस यात्रा के नाम पर महज नाटक किया जा रहा है।

सांसद डॉ. ठाकुर ने राहुल गांधी को राजनीतिक तौर पर अपरिपक्व तथा गैर जिम्मेदार बताते हुए कहा कि बिहार में हो रहे चौतरफा विकासात्मक कार्यों से राजद कांग्रेस जैसे दलों को बेचैनी होना शुरू हो चुका। सांसद ने राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी की सोंच को देश के लिए खतरा बताते हुए कहा कि जब कभी भी देशहित और राष्ट्रीय संप्रभुता की बात होती है। वैसे समय में भी राहुल गांधी का रवैया सदैव अराजक रहता है, जबकि नाबालिग उम्र में ही भ्रष्टाचार में लगातार जेल की यात्रा करने वाले तेजस्वी को राजनीति हटकर पहले जेल जाने से बचने का उपाय करना चाहिए।


