
दरभंगा में रेल पटरी पर मिल रही लाशें बनी रहस्य!
दरभंगा: जिले में अज्ञात शव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। बीते चार दिनों में कुल चार शव बरामद हुए हैं, जिनमें से तीन शव रेलवे ट्रैक पर मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के 32 नंबर गुमटी के पास और बहादुरपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी के पास से दो पुरुषों के शव मिले थे। दोनों का पोस्टमार्टम कर पहचान के लिए 72 घंटे तक रखा गया, लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर कबीर सेवा संस्थान द्वारा विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इसी क्रम में कमतौल थाना क्षेत्र के हरिहरपुर रेल ट्रैक से एक अधेड़ महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद यदि शनिवार तक पहचान नहीं हो पाती है, तो इस शव का भी अंत्येष्टि कबीर सेवा संस्थान द्वारा की जाएगी।

वहीं सोमवार को कमतौल थाना क्षेत्र से बरामद हुए लगभग 60 वर्षीय एक बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया। उसकी भी पहचान अब तक नहीं हो सकी।

कबीर सेवा संस्थान के संरक्षक नवीन सिन्हा ने बताया कि थाना से लिखित ब्योरे के साथ पोस्टमार्टम उपरांत शव संस्थान को सौंपा जाता है। इसके बाद संस्थान के सदस्य विधिवत अंत्येष्टि करते हैं। व्यय संस्थान अपने आंतरिक स्रोतों एवं सहयोगियों की मदद से वहन करता है।
इन अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार में संस्थान के सदस्य नवीन सिन्हा, भोला गुप्ता, शंकर कुमार, महेन्द्र महतो, संजय कुमार, सुधीर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

