Home Featured दरभंगा में लापता नाबालिग का शव मिला, परिजनों ने हत्या कर शव ठिकाने लगाने का लगाया आरोप।
Featured - मुख्य - August 16, 2025

दरभंगा में लापता नाबालिग का शव मिला, परिजनों ने हत्या कर शव ठिकाने लगाने का लगाया आरोप।

दरभंगा: रैयाम थाना क्षेत्र के नयागांव में शनिवार को चार दिन से लापता सातवीं कक्षा के छात्र का शव तालाब किनारे मिला। मृतक की पहचान नयागांव निवासी रामबली पासवान के 12 वर्षीय पुत्र राजन कुमार पासवान के रूप में हुई है। शव के पास उसकी साइकिल भी खड़ी मिली।

Advertisement

परिजनों ने आरोप लगाया है कि नाबालिग की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है। शरीर पर तेजाब डालने और गला दबाने के निशान पाए गए हैं। परिजन का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां उन्होंने पहले खोजबीन की थी, लेकिन लाश नहीं थी। आज घास काटने गई महिलाओं ने तालाब के गड्ढे में शव देखा, जिसके बाद मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई।

Advertisement

राजन 13 अगस्त की शाम चार बजे दादा के लिए दवा लाने घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसी रात परिजनों ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मृतक के चचेरे भाई दशरथ दास ने आरोप लगाया कि थाने के कर्मियों ने बच्चे को खोजने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें एक हजार रुपये दिए भी गए। उन्होंने कहा कि मछुआरों ने बच्चे की बलि चढ़ाकर हत्या की और शव को तालाब में फेंक दिया।

Advertisement

मृतक की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने लगातार लापरवाही बरती और घूस भी मांगी। उन्होंने कहा कि हत्यारों से पैसे लेकर मामले को दबाने की कोशिश की गई। वहीं ग्रामीणों ने भी पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही हजारों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और कहा कि जब तक निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, शव नहीं उठाने देंगे।

मौके पर रैयाम, केवटी, कमतौल, भालपट्टी, औंसी व विश्वविद्यालय थाना की पुलिस, कमतौल इंस्पेक्टर सुरेश राम और एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर जांच की।

पूर्व जिला परिषद सदस्य समीउल्लाह खां उर्फ शमीम व ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।

Share