
दरभंगा में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका।
दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पोखराम गांव निवासी राजा कुमार चौधरी (29 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों का बयान
मृतक के भाई रमन कुमार चौधरी ने बताया कि राजा नशे का आदी था और हाल ही में देवघर से लौटा था। रविवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार तेज उल्टियां होने लगीं।

डॉक्टरों ने जताई ज़हर की आशंका
परिजनों ने आनन-फानन में राजा को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने पॉयजनिंग (जहरीले पदार्थ सेवन) की आशंका जताई। हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने उसे तुरंत डीएमसीएच रेफर किया। हालांकि इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

डॉक्टरों का कहना है कि मौत की वजह जहरीला पदार्थ खाने से हो सकती है, लेकिन सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
अविवाहित था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक राजा अविवाहित था और पटना में रहकर काम करता था। मौत की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

