Home Featured दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबने से एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत।
Featured - क्राइम - मुख्य - September 19, 2025

दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबने से एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत।

दरभंगा: जाले थाना क्षेत्र के मुरैठा गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के तीन परिवारों की बच्चियां तालाब में डूब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।

Advertisement

जानकारी के अनुसार मुरैठा गांव वार्ड संख्या 5, खतवे टोल निवासी विनोद ठाकुर की बेटी 12 वर्षीय अमृता कुमारी, रामनाथ ठाकुर की 13 वर्षीय पुत्री संगीता कुमारी और राजकुमार ठाकुर की 14 वर्षीय पुत्री किरण कुमारी शुक्रवार शाम दुर्गा पूजा के लिए ‘सांझ’ दिखाने को दीप बनाने हेतु पीली मिट्टी लाने तालाब गईं थीं।

Advertisement

बताया जाता है कि अचानक मौसम बदलने से तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे तालाब किनारे मिट्टी गीली और फिसलन भरी हो गई। इसी दौरान एक बच्ची फिसलकर तालाब में जा गिरी। उसे बचाने के लिए दूसरी बच्ची उतरी, लेकिन वह भी पानी के गहरे हिस्से में डूबने लगी। दोनों को बचाने की कोशिश में तीसरी बच्ची भी तालाब में उतर गई और तीनों की डूबकर मौत हो गई।

Advertisement

गांव में बकरी चरा रहे एक नाबालिग ने हादसे को देखा और तुरंत गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद बच्चियों को तालाब से निकाल कर जाले अस्पताल भेजा। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

सूचना पाकर जाले थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर दीप शिखा और एस. अहमद खान ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दुर्गा पूजा की तैयारी में जुटा गांव मातम में डूब गया है।

Share