Home Featured दवा लेने गए बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, झाड़ियों में मिला शव।

दवा लेने गए बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, झाड़ियों में मिला शव।

दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर शोभन स्थित एक बंद पड़ी दुकान के पीछे बुधवार को झाड़ियों के बीच अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटका पंचायत अंतर्गत पैड़ा दशील गांव निवासी 65 वर्षीय मिश्री लाल यादव के रूप में हुई, जो 25 सितंबर से लापता थे।

Advertisement

परिजनों के अनुसार, मिश्री लाल सुबह करीब साढ़े दस बजे दवा लेने दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) गए थे, जहां उन्होंने पर्ची भी कटाई थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटे। देर शाम तक कोई खबर न मिलने पर परिवार ने सिंहवाड़ा, सिमरी और बेंता थाना क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन सुराग न मिलने पर सिंहवाड़ा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

Advertisement

बुधवार को स्थानीय लोगों ने झाड़ियों से दुर्गंध आने पर सिमरी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बंद दुकान के पीछे शव मिला, जिसकी हालत काफी खराब थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। मृतक के छोटे पुत्र रविंद्र कुमार यादव ने शव की पहचान की।रविंद्र ने बताया, “पिता का किसी से विवाद नहीं था और वे नशा भी नहीं करते थे। संभवतः किसी ने उनकी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले हैं। हमने 25 सितंबर को ही शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब 14 दिन बाद शोभन से लाश मिली है। हम प्रशासन से न्याय की मांग करते हैं।”मृतक की बेटी राजवती देवी ने कहा, “पिता दवा लेने डीएमसीएच गए थे। 14 दिनों से हम उन्हें ढूंढ रहे थे। आज पुलिस ने बताया कि शव शोभन में मिला है। उनके शरीर पर कपड़े तक नहीं थे। किसी ने मारकर फेंक दिया। हम पुलिस और सरकार से इंसाफ चाहते हैं।”कटका पंचायत के मुखिया कुमार किसलय ने बताया कि मिश्री लाल मजदूरी कर परिवार पालते थे। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और निष्पक्ष जांच की मांग की।

Advertisement

सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा, “शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे। मामले की हर बिंदु पर जांच चल रही है।”घटना की सूचना फैलते ही शोभन और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग दहशत में हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Share