
दहेज प्रताड़ना के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध हत्या, ससुराल वालों पर आरोप।
दरभंगा: जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नवविवाहिता की लाश लावारिस हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका टीकापट्टी गांव निवासी निरंजन लाल देव की पत्नी 22 वर्षीय खुशबू देवी थी, जिनकी हत्या दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने की होने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस को सूचना मिलते ही अलीनगर थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने बताया कि लाश खुशबू देवी की है। जांच के दौरान पुलिस ने निरंजन के घर का छापा मारा, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद मृतका के मायके वालों से संपर्क साधा गया।

थाना प्रभारी विनय मिश्रा ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया।मृतका के नाना कमलेश लाल देव ने सोनकी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी नातिन की हत्या पति निरंजन (27 वर्ष), ससुर गणेश लाल देव, सास मीना देवी, देवर रवि लाल देव, ननदोई ललन लाल देव और ननद संगीता देवी ने मिलकर अंजाम दी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले खुशबू के साथ लगातार मारपीट करते थे।

मृतका की मां सुमंती देवी ने बताया कि ढाई साल पहले हुई शादी में उन्होंने बाइक, ज्वेलरी और नकद समेत करीब नौ लाख रुपये का दहेज दिया था। शादी के एक साल बाद से ही ससुराल वाले दस लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। इनकार करने पर खुशबू को प्रताड़ित किया जाने लगा। सुमंती ने कहा, “दस दिन पहले भी बुरी तरह पिटाई हुई थी। जब हम ससुराल पहुंचे, तो अभद्र व्यवहार किया गया। खुशबू सबसे बड़ी बेटी थी और ससुराल वाले उसे मायके बुलाने या फोन पर बात करने भी नहीं देते थे।”

मृतका की नानी हिना देवी ने आरोप लगाया कि हत्या साड़ी के पल्लू से गला दबाकर की गई और लाश के पास जहर की शीशी रख दी गई, ताकि सुसाइड का केस बन जाए। उन्होंने कहा, “ढाई साल में एक बार भी मायके नहीं आने दिया। सुबह पांच बजे एक रिश्तेदार ने फोन कर सूचना दी।”एसएचओ विनय मिश्रा ने बताया कि आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

